सम्पूर्ण समाधान दिवस: तहसील स्तरीय समन्वय समिति को बनाए जाए प्रभावी - अविनाश कुमार, डीएम
अलीगढ़, संवाददाता। सम्पूर्ण समाधान दिवसों में अधिकांश शिकायतें भूमि पैमाईश, अवैध कब्जों, विद्युत, पेंशन, आवास से संबंधित रहती हैं। इस प्रकार की एवं अन्य समस्याओं के स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापरक निस्तारण के लिए प्रत्येक तहसील में तहसील स्तरीय समन्वय समिति का गठन किया गया है, जिसकी नियमित रूप से साप्ताहिक बैठक अनिवार्य की गई है।
यह उद्गार जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने इगलास में व्यक्त किए, वह शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस में विधायक इगलास राजकुमार सहयोगी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के साथ जनशिकायतों का निस्तारण कर रहे थे। उन्होंने तहसील स्तरीय समन्वय समिति की बैठकों को प्रभावी बनाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर ही आमजन की शिकायतों का समयबद्धता से निराकरण हो तो उन्हें जनता दर्शन, सीएम हैल्पलाइन एवं अन्य माध्यमों को अपनाने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी आवासहीन ने ग्राम पंचायत की भूमि पर अपना घर बना लिया है तो उसको आवास आवंटन या वैकल्पिक व्यवस्था करने के उपरांत ही उसे हटाया जाए।
विधायक इगलास राजकुमार सहयोगी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनशिकायतों एवं समस्याओं के गुणवत्तापरक निस्तारण के प्रति संवेदनशील है। आमजन की शिकायतों के निस्तारण के लिए विभागीय स्तर से लेकर मुख्यमंत्री स्तर तक व्यवस्थाएं लागू हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि इससे जहां आमजन को त्वरित समाधान मिलता है वहीं अधिकारियों पर भी आत्म संतुष्टि मिलती है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 41 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए उनका समयबद्धता से गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने गौ-आश्रय स्थलों के समुचित संचालन एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों को सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत विकासखण्ड इगलास की 07 एवं गांेडा की 09 गौशालाओं का निरीक्षण कर मुख्य चिकित्साधिकारी को निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में एडीएम वित्त प्रमोद कुमार, सीएमओ डा0 आर0एन0 सिंह, एसडीएम इगलास आयुष जायसवाल, एसडीएम न्यायिक पल्लवी सिंह, तहसीलदार ललित नारायण प्रशांत, तहसीलदार न्यायिक विपिन कुमार, नायब तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार, सीओ इगलास कमलेश कुमार समेत अन्य जिला व तहसील स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?