पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश
हमीरपुर, संवाददाता। आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में परीक्षा से जुड़े समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन एवं उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण गंभीरता, सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 07 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 02 राजकीय महाविद्यालय, 02 राजकीय माध्यमिक विद्यालय तथा 03 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रत्येक पाली में कुल 3,072 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की डिजिटल फोटो कैप्चरिंग एवं आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार की जाए। तकनीकी कारणों से सत्यापन में किसी प्रकार की समस्या आने पर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में नियमों से समझौता न किया जाए।
पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से गहन जांच की जाएगी तथा किसी भी प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं अनुशासन के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश एवं निकास द्वार, बायोमेट्रिक सत्यापन क्षेत्र, परीक्षा कक्षों तथा गोपनीय सामग्री कक्षों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। प्रश्नपत्रों एवं ओएमआर शीट से संबंधित समस्त गोपनीय सामग्री का रख-रखाव एवं परिवहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा अवधि के दौरान अपने-अपने केंद्रों का सतत निरीक्षण करते हुए किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार का व्यवधान स्वीकार्य नहीं होगा।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचें, प्रवेश संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षा जांच में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, जिससे परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार, एएसपी अरविंद कुमार वर्मा, कोषाधिकारी अंकिता सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक महेश गुप्ता सहित परीक्षा हेतु नामित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?