तालाब में डूबने से तीन सगे मासूम भाई-बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम
मौदहा (हमीरपुर)। जिले के बिवांर थाना क्षेत्र के छानी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन सगे भाई-बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मां के साथ तालाब पर गए बच्चे नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, छानी गांव निवासी पार्वती पत्नी रमेश धोबी अपने बच्चों शिवेंद्र (9 वर्ष), रुद्रांश (7 वर्ष) और मांडवी (4 वर्ष) के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब पर कपड़े धोने गई थीं। मां तालाब किनारे कपड़े धोने में व्यस्त थी, जबकि बच्चे पास में खेल रहे थे। इसी दौरान तीनों बच्चे नहाने के लिए तालाब में उतर गए और गहरे पानी में चले जाने से डूब गए।
करीब आधे घंटे बाद जब पार्वती ने बच्चों को आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। बच्चों के नजर न आने पर वह घबरा गई और चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में खोजबीन शुरू की और तीनों बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छानी बुजुर्ग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौदहा क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि मां के साथ तालाब पर गए दो पुत्र और एक पुत्री नहाते समय डूब गए थे। ग्रामीणों द्वारा उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले छह दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिसके कारण लोग नहाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए तालाब का सहारा ले रहे थे। इसी दौरान यह दुखद घटना घटित हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीएम अभिषेक कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मृतक बच्चों के परिजनों को आपदा राहत मद से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?