जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
अमेठी, संवाददाता। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा से हुई। इस दौरान अधिशासी अधिकारियों ने बताया कि गौरीगंज एवं जायस नगर पालिका क्षेत्रों में टैक्सी स्टैंड और पार्किंग के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चयनित स्थलों पर पेयजल, शौचालय तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए टैक्सी स्टैंड का सुव्यवस्थित संचालन कराया जाए, जिससे यात्रियों एवं वाहन चालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
राजामऊ नहर की पटरी की मरम्मत के संबंध में जिलाधिकारी ने सिंचाई खंड-41 के अधिशासी अभियंता को आवश्यक निर्देश देते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। वहीं गौरीगंज बस स्टेशन निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान एआरएम रोडवेज के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एआरएम का एक दिन का वेतन रोकने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में कमरौली रेलवे क्रॉसिंग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के क्रम में रेलवे क्रॉसिंग के चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगदीशपुर एवं इन्हौना क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। यातायात निरीक्षक द्वारा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग की बढ़ती घटनाओं की जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने अगले 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले लोगों के विरुद्ध अधिकतम चालान और जुर्माने की कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक में जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स, सड़क सुधार कार्यों तथा यातायात नियमों के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और सड़क मरम्मत के कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराए जाएं। साथ ही जहां कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए। स्कूली वाहनों और सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी स्कूल वाहनों एवं बसों की नियमित जांच की जाए तथा उनके फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए। साथ ही 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिलाधिकारी ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी चालान अभियान चलाया जाए।
बैठक में सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कर दृश्यता बढ़ाने, टोल प्लाजा पर कांटा, क्रेन, गैस कटर एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड एवं चेतावनी संकेतों को दुरुस्त रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है इसलिए चालान एवं जुर्माने की कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएं, जिससे आमजन यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए जा रहे अवैध अतिक्रमण पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अतिक्रमण दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी पन्नालाल, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रमेश चंद्र, एआरटीओ, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?