सभी तहसीलों में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस, अधिकारियों ने सुनीं जनसामान्य की समस्याएं
हमीरपुर, संवाददाता। शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील राठ में मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार एवं डीआईजी राजेश एस. एवं तहसील सरीला में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक सहित अन्य तहसीलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा जनसामान्य की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं।
आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनपद की चारों तहसीलों में कुल 175 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
तहसील राठ में कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सरीला में 48 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील हमीरपुर में 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार तहसील मौदहा में 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों द्वारा केवल शिकायतें सुनने तक सीमित न रहते हुए पात्र प्रकरणों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कराते हुए शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई। तहसील हमीरपुर में किसानों द्वारा प्रस्तुत खतौनी सुधार संबंधी आवेदनों का निस्तारण कर संबंधित किसानों को शुद्ध खतौनियां उपलब्ध कराई गईं।
तहसील सरीला में जरूरतमंद 05 पात्र व्यक्तियों को आवासीय पट्टे प्रदान किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिकाधिक क्षेत्रफल में फसल बीमा कराने एवं योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले 03 किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
तहसील राठ में शिक्षक दिवस के अवसर पर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिकाधिक क्षेत्रफल में फसल बीमा कराने वाले 02 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जनपद की अन्य तहसीलों में भी शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
तहसील राठ में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता से निस्तारण के संबंध में संवाद कर उसका फीडबैक अनिवार्य रूप से प्राप्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त फीडबैक संतोषजनक होना चाहिए और केवल औपचारिकता के लिए शिकायतों का निस्तारण न किया जाए।
तहसील सरीला में जिलाधिकारी ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से समझते हुए नियमानुसार प्रभावी समाधान उपलब्ध कराया जाए तथा निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसका फीडबैक भी प्राप्त किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई एवं संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतें शासन की प्राथमिकताओं से जुड़ी होती हैं, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी स्वयं प्रकरणों की निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को वास्तविक एवं स्थायी समाधान प्राप्त हो।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, समाज कल्याण, कृषि, पंचायत, आवास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
What's Your Reaction?