दर्दनाक हादसा: मामा की शादी में आए 10 वर्षीय बच्चे की ट्रक से कुचलकर मौत, थाने में हंगामा

May 14, 2026 - 21:45
 0  29
दर्दनाक हादसा: मामा की शादी में आए 10 वर्षीय बच्चे की ट्रक से कुचलकर मौत, थाने में हंगामा

मुस्करा (हमीरपुर), संवाददाता। जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हो गया। मामा की शादी में शामिल होने आए 10 वर्षीय बच्चे की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और बारातियों ने ट्रक चालक का पीछा किया, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंच गया और कई घंटों तक हंगामा चलता रहा। 

घटना मुस्करा कस्बे के मिर्जापुर हाईवे स्थित विक्रम पैलेस मैरिज लॉन के बाहर की है। जालौन जिले के चंदरसी गांव निवासी दीपक राजपूत की बारात यहां आई थी। देर रात शादी की रस्में पूरी होने के बाद सुबह करीब 3ः30 बजे विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे का 10 वर्षीय भांजा अनिकेत पुत्र राजकुमार मैरिज लॉन के बाहर सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। बारातियों ने उसका पीछा किया। करीब 4 किलोमीटर तक पीछा किए जाने के बाद चालक ट्रक लेकर मुस्करा थाने पहुंच गया और जान बचाने के लिए थाने में घुस गया। वहीं परिजनों ने ट्रक चालक और खलासी को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने किसी तरह दोनों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया।

इसके बाद करीब 40 की संख्या में मौजूद गुस्साए परिजन और बाराती लाठी-डंडों के साथ थाने पहुंच गए। 10 से 12 लोग जबरन थाने में घुस गए और चालक को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन गुस्साए लोगों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो मृतक बच्चे की मौसी ने उनका कॉलर पकड़ लिया। आरोप है कि वह पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी देने लगी। करीब 20 मिनट तक थाने परिसर में हंगामा चलता रहा। मामला बढ़ता देख मुस्करा थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को थाने से बाहर खदेड़ा। इस दौरान वीडियो बना रहे एक युवक के घायल होने की भी सूचना है, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। थाने से हटने के बाद गुस्साए परिजनों ने मिर्जापुर हाईवे जाम कर दिया और सड़क पर बैठ गए। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। करीब तीन घंटे बाद कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और सुबह करीब 6ः30 बजे हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।

फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow