व्यापार बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
हमीरपुर, संवाददाता। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में व्यापार बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठकों में व्यापारियों, उद्यमियों एवं श्रमिकों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों द्वारा जीएसटी व्यवस्था, नए पंजीकरण, व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना एवं आरएफआईडी से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी अनावश्यक विलंब के निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों को शासकीय व्यवस्थाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई न हो तथा संबंधित विभागों द्वारा व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध ढंग से समाधान किया जाए।
उद्योग बंधु की बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, निवेशकों से संबंधित प्रकरणों, विभिन्न ऋण योजनाओं तथा मुख्यमंत्री युवा योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निवेशकों एवं उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में उद्योग एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
श्रम बंधु बैठक में बाल श्रम एवं बंधुआ श्रम उन्मूलन को लेकर जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के औद्योगिक प्रतिष्ठानों, होटल-रेस्टोरेंट, ईंट-भट्ठों तथा अन्य ऐसे स्थानों पर जहां बाल श्रम अथवा बंधुआ श्रम की संभावना हो, वहां नियमित एवं प्रभावी अभियान चलाकर निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान पाए जाने वाले बाल एवं बंधुआ श्रमिकों को नियमानुसार मुक्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने बाल श्रम की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद के औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य संबंधित संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकृत श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित श्रमिक कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी योजनाओं से पात्रतानुसार लाभान्वित कराया जाए।
उन्होंने श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक करने तथा पंजीकरण प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने तीनों बैठकों में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों, उद्यमियों एवं श्रमिकों से संबंधित समस्याओं एवं प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो और विभागीय स्तर पर प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, व्यापार बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु के सदस्य तथा संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?