शादी समारोह में आए युवक की संदिग्ध मौत, सीने में गोली लगने के निशान से हत्या की आशंका
हमीरपुर, संवाददाता। बिवांर थाना क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सीने में गोली लगने का निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पाटनपुर गांव निवासी 26 वर्षीय सचिन पुत्र शुभकरन सिंह बुधवार शाम रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए छानी गांव स्थित एक गेस्ट हाउस आया था। देर रात करीब 12 बजे उसका शव सड़क किनारे डिवाइडर के पास खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा धर्मपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि सचिन की रंजिशन हत्या की गई है। उनका कहना है कि सचिन के सीने में गोली लगने का निशान था और उसकी शर्ट के बटन टूटे हुए थे, जिससे संघर्ष की संभावना भी जताई जा रही है।
वहीं मृतक के ससुर छोटेबाबा ने अपने ही भतीजे पर हत्या का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक शादी समारोह के दौरान सचिन और आरोपी युवक के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद सचिन की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके। घटना के बाद से आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।
What's Your Reaction?