‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में ब्लॉक/क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित, युवाओं ने दिखाया दमखम

Nov 15, 2026 - 20:33
 0  14
‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में ब्लॉक/क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित, युवाओं ने दिखाया दमखम

हमीरपुर (संवाददाता)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा रविवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुछेछा के खेल मैदान में ब्लॉक/क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘स्वस्थ युवा- विकसित भारत’ एवं ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के युवा खिलाड़ियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी सुशील करोलिया ने की। मुख्य अतिथि के रूप में हेड कांस्टेबल भोला सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हेड कांस्टेबल मोनिका गौतम उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता की 100 मीटर दौड़ पुरुष वर्ग में हर्षित प्रथम, तुषार द्वितीय एवं अमन तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में तनु ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय तथा प्रतिज्ञा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद पुरुष वर्ग में शिव बस प्रथम, सुमित द्वितीय एवं धनंजय प्रताप तृतीय रहे, जबकि बालिका वर्ग में दुर्गा ने प्रथम, लक्ष्मी ने द्वितीय तथा श्वेता ने तृतीय स्थान हासिल किया।

सामूहिक खेल प्रतियोगिताओं में बालिका वर्ग कबड्डी में कुछेछा की टीम विजेता तथा बी.के.सी., सुमेरपुर की टीम उपविजेता रही। वहीं, पुरुष वर्ग खो-खो में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, दरियापुर की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि सुमेरपुर की टीम उपविजेता रही।

समापन अवसर पर अतिथियों एवं जिला युवा अधिकारी द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन युवराज वर्मा ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक हर्षित एवं निर्भय सिंह तथा राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, दरियापुर की सहायक अध्यापक (शारीरिक शिक्षा) प्रीति कुमारी का विशेष सहयोग रहा। 

इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow