नकलविहीन बोर्ड परीक्षा सम्पन्न कराना जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता - डीएम

Feb 13, 2026 - 19:35
 0  19
नकलविहीन बोर्ड परीक्षा सम्पन्न कराना जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता - डीएम

हराइच। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक 122 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित परिषदीय परीक्षा-2026 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षाओं को सुचितापूर्ण वातावरण में सकुशल, शान्तिपूर्ण एवं नकलविहीन सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से महाराजा सुहेल देव स्वःशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के आडिटोरियम में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने केन्द्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। 

बैठक के दौरान डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री व शासन के निर्देशानुसार जिले में नकलविहीन बोर्ड आयोजित कराने के लिए जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है। श्री त्रिपाठी ने कहा कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी की प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। डीएम श्री त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि सभी केंद्र व्यवस्थापक निर्भीक होकर अपने उत्तरदायित्वों का पालन करें। यदि कोई भी व्यक्ति परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की एसओपी का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये। एसडीएम व सीओ को निर्देश दिया गया कि संयुक्त रूप से अपने क्षेत्र में आने वाले परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले लें। 

बैठक के दौरान डीआईओएस सर्वदानन्द ने बताया कि बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए जनपद में कुल 122 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक दो पालियों में सम्पन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 08ः30 बजे से पूर्वान्ह 11ः45 बजे तक, द्वितीय पाली अपरान्ह 02ः00 बजे से अपरान्ह 05ः15 बजे तक का समय निर्धारित है। बोर्ड परीक्षा में कुल 67097 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या 38103 तथा इण्टर में 28994 परीक्षार्थी हैं।

बैठक के दौरान डीआईओएस ने जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, केन्द्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापकों तथा अन्य सम्बन्धित को परीक्षा से पूर्व, परीक्षा के दौरान व परीक्षा के बाद की समस्त प्रकिया व शासन तथा बोर्ड के दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान की गई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow