निर्वाचन कार्यों की गंभीरता को देखते हुए बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध
हमीरपुर (संवाददाता)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्य संचालित है तथा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियां भी तेजी से की जा रही हैं। निर्वाचन संबंधी समस्त कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने जनपद के समस्त कार्यालयाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों तथा निर्वाचन कार्यों से प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी उनकी पूर्व अनुमति के बिना किसी भी परिस्थिति में जनपद मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। अपरिहार्य एवं आकस्मिक परिस्थितियों में मुख्यालय छोड़ना आवश्यक होने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी को पहले जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी से विधिवत अनुमति प्राप्त करनी होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समयबद्धता एवं अधिकारियों-कर्मचारियों की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ना उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं निर्वाचन दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 एवं 1951 की सुसंगत धाराओं तथा अन्य लागू सेवा नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों का पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?