मोडिफाइड साइलेंसर से दहशत फैलाने वालों पर राजस्थान पुलिस की सख्ती
जयपुर (एजेन्सी)। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराने तथा सड़क सुरक्षा और जनसुविधा को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज के निर्देशन में यातायात पुलिस कोटा शहर ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाकों जैसी आवाज से आमजन में दहशत फैलाने वाले दुपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया।
एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि अभियान के दौरान 235 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 235 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। जब्त साइलेंसरों को वाहनों से निकलवाकर रोड रोलर से नष्ट किया गया।
एसपी ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से अचानक तेज धमाकों जैसी आवाज निकलने से राहगीरों और आमजन को परेशानी होती है। इससे वाहन चालकों का ध्यान भटकने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे साइलेंसर लगवाना नियम विरुद्ध है और मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय है।
एसपी गौतम ने बताया कि कोटा पुलिस अब मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के साथ ही इन्हें लगाने वाले मिस्त्रियों तथा बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध भी कार्रवाई करेगी। इसके लिए वाहन चालकों से प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित लोगों को चिह्नित किया जाएगा।
कोटा पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना करने तथा दुपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग नहीं करने की अपील की है। जिन वाहन चालकों ने ऐसे साइलेंसर लगवा रखे हैं, वे उन्हें तत्काल हटवा लें।
आमजन मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले मिस्त्रियों, विक्रेताओं एवं ऐसे साइलेंसर लगे वाहनों की फोटो या वीडियो पुलिस नियंत्रण कक्ष कोटा शहर के व्हाट्सऐप नंबर 9530442777 पर भेज सकते हैं। इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 07442350741 पर भी सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी ने बताया कि राजस्थान पुलिस आमजन की सुविधा, सड़क सुरक्षा और शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
What's Your Reaction?