प्रभारी मंत्री ने रानी की सराय स्थित कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदल्ला एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Nov 27, 2026 - 20:05
 0  10
प्रभारी मंत्री ने रानी की सराय स्थित कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदल्ला एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

आजमगढ़ (संवाददाता)। श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय विभाग मंत्री अनिल राजभर ने अपने प्रभार जनपद आजमगढ़ के रानी की सराय स्थित कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदल्ला एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदल्ला में निरीक्षण के दौरान मंत्री अनिल राजभर ने विद्यालय के बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों एवं पढ़ाई की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर डिजिटल माध्यम से दी जा रही शिक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही शिक्षकों को निर्देशित किया कि महापुरुषों की जयंती एवं विभिन्न राष्ट्रीय, सामाजिक तथा विशेष दिवसों के अवसर पर प्रतिदिन की शैक्षणिक गतिविधियों से अलग 10 मिनट का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाए, जिससे बच्चों को महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा मिल सके और उनमें नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक चेतना का विकास हो। 

इस अवसर पर मंत्री ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएँ, संस्कार एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक बच्चा शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बने।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय में निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। 

एसीएमओ डॉ0 अब्दुल अजीज एवं पीएचसी अधीक्षक कैप्टन डॉ0 मनीष तिवारी ने मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं व अन्य जानकारियों से मंत्री को अवगत कराया।

प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने विकास खण्ड रानी की सराय के जनसंख्या के दृष्टिगत वर्तमान 06 बेड के पीएचसी में विस्तार की संभावनाओं को देखते हुए जनहितार्थ में 25 बेड किये जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होने 25 बेड का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने का निर्देश दिया, जिसे वे शासन स्तर से समन्वय कर करायेंगे। 

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। हमारा संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडारकर, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी आकाश कुमार, जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow