जिलाधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण/जागरूकता अभियान का किया शुभारंभ

Nov 20, 2026 - 19:29
 0  10
जिलाधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण/जागरूकता अभियान का किया शुभारंभ

सहारनपुर (संवाददाता)। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत शुक्रवार से शुरू ईवीएम एवं वीवीपैट से सम्बन्धित प्रशिक्षण व जागरूकता/जागरूकता अभियान के  अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने जनपद में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) एवं वीवीपैट (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) को लेकर व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। निर्वाचन कार्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के जागरूकता प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अभियान के माध्यम से जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की तहसीलों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाएगा। 

अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी देना तथा मतदान प्रक्रिया को लेकर उनके मन में मौजूद किसी भी प्रकार की शंका, सवाल एवं भ्रांतियों को दूर करना है। इसके अंतर्गत लोगों को केवल मशीनों के बारे में बताया ही नहीं जाएगा, बल्कि उन्हें स्वयं ईवीएम पर मतदान करके देखने का अवसर भी दिया जाएगा। इसके बाद वीवीपैट मशीन के माध्यम से वे यह भी देख सकेंगे कि उनके द्वारा चुने गए प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिह्न की पर्ची किस प्रकार दिखाई देती है।

जागरूकता अभियान के दौरान मतदाताओं को बताया जाएगा कि ईवीएम में वोट डालने की प्रक्रिया किस प्रकार पूरी होती है और वीवीपैट मशीन मतदान के बाद मतदाता को अपने वोट का सत्यापन करने की सुविधा कैसे प्रदान करती है। जब कोई मतदाता ईवीएम पर अपनी पसंद के प्रत्याशी के सामने वाला बटन दबाता है, तो वीवीपैट मशीन में संबंधित प्रत्याशी का नाम एवं चुनाव चिह्न प्रदर्शित करने वाली पर्ची दिखाई देती है। इससे मतदाता स्वयं पुष्टि कर सकता है कि उसने जिस प्रत्याशी को वोट दिया है, उसी के नाम और चुनाव चिह्न की पर्ची दिखाई दे रही है।

प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मतदान व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जागरूकता को मजबूत करना है। अक्सर चुनाव के दौरान ईवीएम की कार्यप्रणाली को लेकर आम लोगों के मन में कई तरह के सवाल और शंकाएं सामने आती हैं। इन्हीं शंकाओं का समाधान करने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसमें मतदाताओं को मशीनों के संचालन की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी, ताकि वे स्वयं मतदान करके देख सकें और वीवीपैट के माध्यम से अपने वोट का सत्यापन करने की प्रक्रिया को समझ सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी  ने अभियान के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार होने के साथ-साथ उसकी जिम्मेदारी भी है। एक मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसलिए आवश्यक है कि मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की सही और पूरी जानकारी हो। ईवीएम एवं वीवीपैट के संबंध में किसी भी प्रकार की शंका या भ्रम को दूर करने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम काफी उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में इस अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की तहसीलों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के लोगों तक भी इसकी जानकारी पहुंच सके। अभियान के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों को शामिल कर उन्हें ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया जाएगा। खास बात यह रहेगी कि आम नागरिक स्वयं मशीन पर वोट डालकर मतदान की प्रक्रिया को समझ सकेंगे और वीवीपैट में दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से अपने द्वारा डाले गए वोट का सत्यापन भी कर सकेंगे।

प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण से मतदाताओं के मन में मतदान प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की अनावश्यक आशंका नहीं रहेगी। लोगों को मशीनों की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलेगा और वे मतदान के समय अधिक जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इस अभियान के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे इस जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें और ईवीएम एवं वीवीपैट के संबंध में दी जा रही जानकारी का लाभ उठाएं। जनपद में शुरू किया गया यह अभियान मतदाता शिक्षा एवं जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सातों विधानसभा क्षेत्रों और उनकी तहसीलों तक पहुंचने वाले इस अभियान से अधिक से अधिक लोगों को मतदान प्रक्रिया को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य यही है कि प्रत्येक मतदाता मतदान के प्रति जागरूक बने, ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझे और लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का सही ढंग से प्रयोग करे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी लवी त्रिपाठी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार एवं जिला निर्वाचन कार्यालय के स्टाफ आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow