सीएमओ ने सीएचसी देवगांव और 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का किया औचक निरीक्षण

Jul 15, 2026 - 20:55
 0  5
सीएमओ ने सीएचसी देवगांव और 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का किया औचक निरीक्षण

आजमगढ़, संवाददाता। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवगांव तथा 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की संख्या, पंजीकरण तथा साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को समयबद्ध, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 

मुख्य चिकित्साधिकारी सर्वप्रथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवगांव पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा ड्यूटी पर उपस्थित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते मिले। 

उपस्थिति पंजिका एवं ड्यूटी रोस्टर की जांच के दौरान कनिष्ठ सहायक विवेकानंद तिवारी, मेडिकल ऑफिसर डॉ. फणीस तथा मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेश कुमार बिना किसी पूर्व सूचना अथवा सक्षम स्तर से स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।

अनधिकृत अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने संबंधित दोनों चिकित्सकों एवं कनिष्ठ सहायक से स्पष्टीकरण तलब करने तथा उनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसके उपरांत मुख्य चिकित्साधिकारी ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए उपस्थित मिले। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई तथा अस्पताल में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता मिली। अस्पताल परिसर, ओपीडी एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहतर पाई गई।

मरीजों की संख्या की तुलना में पंजीकरण काउंटर कम होने के कारण मरीजों को हो रही असुविधा का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने तत्काल एक अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को पंजीकरण एवं उपचार के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े तथा पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर आमजन को समय से गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति अनिवार्य है। ड्यूटी के प्रति लापरवाही, अनधिकृत अनुपस्थिति अथवा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, मरीजों के सुचारु पंजीकरण तथा बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। मरीजों को उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा न करनी पड़े।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद के स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित एवं औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थिति, लापरवाही अथवा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow