सड़क सुरक्षा को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
हमीरपुर, संवाददाता। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में सप्तम जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं द्वितीय जिला विद्यालय वाहन परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने समिति के समक्ष सड़क सुरक्षा एवं विद्यालय वाहनों से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूल वाहन के रूप में पंजीकृत सभी वाहनों की फिटनेस, चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक मानकों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों, जिनमें स्पीड ब्रेकर, कैट्स आई, साइनेज, क्रैश बैरियर एवं अन्य सुरक्षा उपाय शामिल हैं, को आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसहभागिता से जुड़ा विषय है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी प्रयास करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राकेश कुमार, अधिशासी अभियंता दयापाल सिंह वर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रवीण कुमार सिंह, यात्री एवं मालकर अधिकारी सूर्य प्रताप देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?