जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक
सहारनपुर, संवाददाता। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय, राज्यीय राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों, सांसद, विधायक एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन उपरान्त सम्भाजन कर नई तैयार की गई आलेख्य मतदान स्थल सूची पर विचार विमर्श करने तथा सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
सर्वप्रथम समस्त उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया कि वर्तमान में विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया चल रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ. प्र., लखनऊ द्वारा दिये गये निर्देशानुसार मतदान स्थलों के भवनों का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से स्थलीय सत्यापन कराकर 1200 से अधिक मतदाता वाले मतदान स्थलों का सम्भाजन व कम मतदाता वाले मतदेय स्थलों का विलय किया गया है।
सम्भाजन उपरान्त तैयार की गई आलेख्य मतदान स्थल सूची जनपद के सभी सांसद, विधायक, समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्ष/जिला सचिव आदि को कार्यालय पत्रांक 824/29-694 दिनांक 04 जुलाई, 2026 के साथ संलग्न कर भेजी जा चुकी है। आलेख्य मतदान स्थल सूची पर आप सभी से दिनांक 10 जुलाई, 2026 तक सुझाव/आपत्तियां प्रस्तुत करने का अनुरोध किया गया था। आप सभी से अनुरोध है कि सम्भाजन उपरान्त तैयार की गई प्रस्तावित मतदान स्थल सूची पर किसी को कोई सुझाव/आपत्ति प्रस्तुत करनी हो तो कृपया अपने लैटर हैड पर लिखित में तत्काल प्रस्तुत करने का कष्ट करें, ताकि संबंधित उप जिलाधिकारी से जॉच कराकर प्रस्तावित मतदान स्थल सूची को दिनांक 18-07-2026 तक अन्तिम रूप दिया जा सके।
3-सहारनपुर नगर विधानसभा में शीतल बिश्नोई, महानगर अध्यक्ष, भाजपा व राजीव गुम्बर, विधायक 3-सहारनपुर नगर भाजपा द्वारा 40 बूथ परिवर्तन हेतु आवेदन दिया गया है। 4-सहारनपुर विधानसभा में शीतल बिश्नोई, महानगर अध्यक्ष, भाजपा द्वारा 02 बूथ परिवर्तन हेतु आवेदन दिया गया है। 2-नकुड विधानसभा में मुकेश चौधरी, विधायक 2-नकुड विधानसभा भाजपा द्वारा 07 बूथ परिवर्तन हेतु आवेदन दिया गया है। 5-देवबन्द विधानसभा में अनिल कुमार, ग्राम जडौदा जट्ट तहसील देवबन्द द्वारा 33 बूथ परिवर्तन हेतु आवेदन दिया गया है। उपरोक्त सभी बूथो पर अन्य राजनैतिक दलों से दिनांक 15-07-2026 तक आपत्ति उपलब्ध कराने हेतु अनुरोध किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान द्वारा उपरोक्त विधानसभा के परिवर्तित होने वाले सभी बूथो की सम्बन्धित ईआरओ से पुनः गहनता से स्थलीय जॉंच के आदेश दिये गये है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, समस्त ईआरओ, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत राणा, जिलाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी चौ0 अब्दुल वाहिद, अपना दल एस राजकुमार पंवार, जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी संजय कुमार जैन, प्रतिनिधि सांसद इमरान मसूद संदीप वर्मा, प्रतिनिधि विधायक, आशू मलिक फैयाज मलिक, प्रतिनिधि विधायक देवेन्द्र निम विकास कुमार, प्रतिनिधि विधायक, उमरअली खान फरहान खान, प्रतिनिधि समाजवादी पार्टी अब्दुल गफूर, शाहरूख मलिक, प्रतिनिधि, बहुजन समाज पार्टी सुनीश प्रधान, प्रतिनिधि सीपीआईएम नवनीत सिंह, प्रभारी 3-सहारनपुर नगर सपा अभिषेक अरोडा, प्रतिानिधि भाजपा योग चुघ उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?