हर घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता - जिलाधिकारी
हमीरपुर, संवाददाता। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने जनपद में जल जीवन मिशन की प्रगति एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को लेकर कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं ग्रामीण परिवार तक नल से स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। योजना के कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा पेयजल से संबंधित जनशिकायतों के निस्तारण की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि आईजीआरएस एवं जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त पेयजल संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है। शिकायतों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए समर्पित कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है, जिसकी निगरानी एडीएम स्तर के अधिकारी द्वारा की जा रही है। साथ ही जल जीवन मिशन के कार्यों एवं शिकायतों के निस्तारण की जिलाधिकारी स्तर से साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन से जुड़े अवर अभियंता, सहायक अभियंता एवं अधिशासी अभियंता प्रतिदिन निर्धारित समय में जनसुनवाई कर ग्रामीणों की पेयजल संबंधी समस्याओं को सुन रहे हैं तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
पिछले तीन महीनों के दौरान प्रभावित ग्राम पंचायतों एवं मजरों में प्रतिदिन औसतन 90 से 100 पेयजल टैंकर भेजकर आवश्यकता के अनुसार पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। जलापूर्ति बहाल होने तक वैकल्पिक व्यवस्था को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण व शहरी पेयजल योजना में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी सभी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।
What's Your Reaction?