योग सप्ताह-2026 का शुभारंभ, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए योग अपनाने का दिया गया संदेश

Jun 15, 2026 - 22:05
 0  4
योग सप्ताह-2026 का शुभारंभ, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए योग अपनाने का दिया गया संदेश

हमीरपुर, संवाददाता। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून, 2026) के उपलक्ष्य में जनपद में सोमवार को योग सप्ताह-2026 का शुभारंभ उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। योग सप्ताह का आयोजन 15 जून से 21 जून, 2026 तक किया जाएगा। इस वर्ष भारत सरकार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ निर्धारित की गई है, जिसके माध्यम से योग को स्वस्थ, संतुलित एवं दीर्घायु जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया जा रहा है।

स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रातः 6 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कुलदीप निषाद तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निरेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा योग प्रवर्तक महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने विशेष रूप से वृद्धावस्था में स्वास्थ्य संरक्षण एवं जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए नियमित योगाभ्यास को अत्यंत उपयोगी बताया तथा नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक डॉ. बृजेश कश्यप एवं योग सहायक अमित कुमार बाथम तथा उनकी टीम द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

योगाभ्यास के उपरांत जनजागरूकता के उद्देश्य से एक योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। सदर विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष के मार्गदर्शन में निकाली गई यह रैली स्टेडियम से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट गेट, अकिल तिराहा, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रमेडी तिराहा एवं जेल रोड होते हुए पुनः स्टेडियम में संपन्न हुई। रैली के माध्यम से नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम में जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. रवीन्द्र प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) सुजीत कुमार, नोडल अधिकारी डॉ. छन्दीलाल, डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी, डॉ. आशीष पाण्डेय, डॉ. विकास जायसवाल, डॉ. प्रियंका प्रजापति, डॉ. उपासना मिश्रा, मनोज कुमार, रामनरेश सिंह, संजय कुमार, नाजरा, आनन्द द्विवेदी सहित आयुष विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

जनपद में योग सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास, जागरूकता कार्यक्रम एवं विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow