श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की जांच तेज, कई एजेंसियां जुटीं; आठ ट्रेनें रद्द
श्रीगंगानगर । जिले के 50 जीबी गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध विस्फोट के मामले में विभिन्न जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। आरपीएफ के आईजी ज्योति असीजा ने बताया कि उन्हें बीती रात घटना की जानकारी मिली थी। फिलहाल विभिन्न एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विस्फोट किस तरह का था और इसके पीछे क्या कारण रहे, इस बारे में अभी कुछ कहना मुश्किल है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस ही आधिकारिक रूप से टिप्पणी कर सकेगी।
घटना के बाद आज अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर चलने वाली आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे की ओर से क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम भी शुरू किया जा रहा है। मौके पर डॉग स्क्वॉड, एमओबी और एफएसएल की टीमें पहुंचीं, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने के लिए सैंपलिंग की। इसके अलावा करीब तीन से चार किलोमीटर रेलवे ट्रैक की बारीकी से जांच की जा रही है और आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि बीती रात 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ था। धमाके से पटरी के नीचे बने दो सीमेंट के पिलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और मौके पर करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया था। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस, एटीएस, सीआईडी, एनआईए, आईबी और रेलवे के अधिकारी मौजूद हैं। सभी एजेंसियां अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
What's Your Reaction?