सद्भावना सांस्कृतिक समिति, सहारा स्टेट का दुर्गा पूजा पण्डाल ‘लोकचित्र एवं टेराकोटा विलेज टेंपल’ थीम पर आधारित

Oct 14, 2026 - 20:31
 0  15
सद्भावना सांस्कृतिक समिति, सहारा स्टेट का दुर्गा पूजा पण्डाल ‘लोकचित्र एवं टेराकोटा विलेज टेंपल’ थीम पर आधारित

लखनऊ (संवाददाता)। सद्भावना सांस्कृतिक समिति, सहारा स्टेट, जानकीपुरम द्वारा दुर्गा पूजा 2026 के अवसर पर भारतीय लोककला, ग्रामीण जीवन एवं पारंपरिक स्थापत्य कला से प्रेरित एक अनूठी थीम ‘लोकचित्र - टेराकोटा विलेज टेंपल’ प्रस्तुत की जा रही है। इस वर्ष का पूजा पंडाल भारतीय गाँवों की सांस्कृतिक विरासत, मिट्टी की कलात्मक सुंदरता और पारंपरिक शिल्पकला का जीवंत स्वरूप प्रस्तुत करेगा।

इस पंडाल की परिकल्पना में प्रसिद्ध भारतीय चित्रकार जामिनी रॉय की लोकचित्र शैली से प्रेरणा लेते हुए ग्रामीण परिवेश, पारंपरिक कला और भारतीय संस्कृति की आत्मीयता को दर्शाने का प्रयास किया गया है। टेराकोटा अर्थात पकी हुई मिट्टी से जुड़ी कलात्मक परंपरा को केंद्र में रखकर मंदिरनुमा ग्रामीण संरचना तैयार की गई है, जो श्रद्धालुओं को भारतीय गाँवों की सादगी, सुंदरता और सांस्कृतिक समृद्धि का अनुभव कराएगी।

पंडाल के निर्माण में बाँस-बल्ली, कपड़े, गमछे, सूप, छोटी टोकरियों तथा पारंपरिक ग्रामीण उपयोग की वस्तुओं को सजावटी रूप में शामिल किया गया है। लगभग 2,000 बाश बल्ली कपड़ों के उपयोग से तैयार की जाने वाली सजावट के माध्यम से रंगों, बनावटों और पारंपरिक वस्त्रों का आकर्षक संयोजन प्रस्तुत करने की परिकल्पना है। गमछे, सूप और छोटी टोकरियाँ ग्रामीण जीवन की सहजता, लोकपरंपरा और भारतीय जनजीवन से जुड़ाव को अभिव्यक्त करेंगे।

पंडाल में टेराकोटा शैली, मिट्टी के मंदिरों जैसी बनावट और आकर्षक प्रकाश सज्जा के माध्यम से एक विशिष्ट ग्रामीण वातावरण तैयार किया जाएगा। रोशनी का संयोजन पंडाल की कलात्मक संरचना, पारंपरिक सजावट और धार्मिक वातावरण को और भी आकर्षक बनाएगा। बाँस-बल्ली जैसी पारंपरिक निर्माण सामग्री तथा ग्रामीण शिल्प से जुड़ी वस्तुओं का उपयोग इस थीम को विशिष्ट पहचान प्रदान करेगा।

समिति का उद्देश्य केवल एक सुंदर दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण करना ही नहीं, बल्कि भारतीय लोककला, ग्रामीण शिल्प, पारंपरिक सामग्रियों और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करना भी है। यह थीम आधुनिक समय में अपनी जड़ों, परंपराओं और ग्रामीण भारत की कलात्मक पहचान को सम्मान देने का संदेश देती है।

सद्भावना सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष राम अवतार पांडेय के नेतृत्व में आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में मुख्य आयोजक अरविंद कुमार सिंह, सचिव संगीता दास गुप्ता, महासचिव सोमनाथ मुखर्जी तथा कोषाध्यक्ष आशीष दास गुप्ता, मीडिया प्रभारी गुलाब शर्मा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी सदस्य आयोजन को सफल बनाने में योगदान दे रहे हैं।

समिति को विश्वास है कि ‘लोकचित्र - टेराकोटा विलेज टेंपल’ की यह अनूठी थीम श्रद्धालुओं, कला प्रेमियों और शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी तथा लखनऊ की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow