मुख्य सचिव से आईएफएस प्रशिक्षु अधिकारियों ने की शिष्टाचार भेंट
लखनऊ (संवाददाता)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल से वर्ष 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के पांच प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की।
मुख्य सचिव ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ प्रदेश की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रत्येक अधिकारी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करने को कहा।
उन्होंने पर्यावरण एवं वन संरक्षण से जुड़े कार्यों में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पौधरोपण को बढ़ावा देने, वन क्षेत्रों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा में जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ विकास कार्यों में संतुलन बनाए रखना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। वन एवं पर्यावरण से जुड़े कार्यों में दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाते हुए विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच समुचित संतुलन स्थापित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अच्छा शासन वही है, जिसमें निर्णय पारदर्शी हों, कार्यों में जवाबदेही हो और आम नागरिक को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक कठिनाई के मिले। उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने तथा विभागीय समन्वय को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?