एनसीसी कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
सहारनपुर (संवाददाता)। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में एनसीसी कैम्प से संबंधित बैठक आयोजित हुई।
बैठक में 26 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, सहारनपुर के कमान अधिकारी कर्नल आर. के. माही, सेना मेडल ने एनसीसी की गतिविधियों, कैडेट्स के प्रशिक्षण तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजनाओं के संबंध में जिलाधिकारी के साथ विस्तृत चर्चा की।
बैठक में एनसीसी कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचे एवं उपयुक्त स्थान की उपलब्धता, प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार तथा सभी कैडेट्स के लिए एक कॉमन एनसीसी एकेडमी विकसित किए जाने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
कमान अधिकारी ने कैडेट्स को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही खेल प्रशिक्षण, मेडिकल सपोर्ट तथा एनसीसी कैंप एवं प्रशिक्षण गतिविधियों के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों से सहयोग का आग्रह किया।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स को केवल प्रशिक्षण एवं अनुशासन तक सीमित न रखते हुए उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गवर्नेंस की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया जाए। कैडेट्स को प्रमुख सरकारी योजनाओं, उनकी पात्रता एवं लाभ की जानकारी दी जाए, ताकि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी योजनाओं की जानकारी देने में सक्षम बन सकें। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रॉपर प्लान तैयार कर गवर्नेंस से जुड़े कार्यों एवं जनजागरूकता गतिविधियों में कैडेट्स की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने एनसीसी गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं विभागीय समन्वय के उच्च शिक्षा विभाग को नोडल बनाते हुए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाने के निर्देश भी दिए, जिससे संबंधित अधिकारियों एवं एनसीसी के मध्य सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सीएसआर एवं बैंकिंग सहयोग के माध्यम से कैडेट्स के बैंक खाते, स्किल डेवलपमेंट तथा प्रशिक्षण से संबंधित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही कैडेट्स को ड्रोन, रोबोटिक्स एवं आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देकर उनके तकनीकी कौशल को विकसित करने, अकादमिक सपोर्ट, गर्ल चाइल्ड वेलफेयर, काउंसलिंग तथा करियर एवं एसएसबी गाइडेंस उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।
कमान अधिकारी ने एनसीसी दिवस, राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सशक्त नारी दिवस सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अवसरों पर एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता से विशेष गतिविधियों के केंद्रीकृत आयोजन में जिला प्रशासन के सहयोग का सुझाव दिया। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स के जीवन, बालिका सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना पर आधारित एक प्रेरणादायक फिल्म/डॉक्यूमेंट्री तैयार किए जाने का प्रस्ताव भी रखा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, तकनीकी दक्षता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन तथा जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को एक सुनियोजित कार्ययोजना के तहत संचालित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को एनसीसी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला अग्रणी मुख्य प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक, जिला प्रोबेशन अधिकारी, प्राचार्य महाविद्यालय कोटा, नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा एवं जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?