खुशी फॉउण्डेशन एवं गणेश मार्केट व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
लखनऊ (संवाददाता)। स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने और स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इंदिरा नगर स्थित गणेश मार्केट में खुशी फॉउण्डेशन एवं गणेश मार्केट व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मैक्स अस्पताल, साकेत (नई दिल्ली) और सेंटर फॉर साइट, लखनऊ ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य व्यस्त दिनचर्या के बीच लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना तथा समय रहते आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजकों ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकतारू खुशी फॉउण्डेशन की ओर से ऋचा द्विवेदी ने बताया कि संस्था शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर सामाजिक गतिविधियां संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लोगों को जागरूक करने और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि फॉउण्डेशन का प्रयास है कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचें और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए मैक्स अस्पताल, साकेत और सेंटर फॉर साइट, लखनऊ की टीमों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
मैक्स अस्पताल, साकेत के सुधांशु मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और लोगों को समय पर चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस पहल को जनहित से जुड़ा सार्थक प्रयास बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए संस्थानों और सामाजिक संगठनों का सहयोग आवश्यक है।
शिविर में सेंटर फॉर साइट की ओर से निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। सेंटर फॉर साइट के राहुल तिवारी ने इस अवसर पर नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आंखों की नियमित जांच दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करने में सहायक होती है। उन्होंने लोगों को अपनी आंखों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
खुशी फॉउण्डेशन एवं गणेश मार्केट व्यापार मंडल की यह संयुक्त पहल सामाजिक सहभागिता के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही। वहीं मैक्स अस्पताल और सेंटर फॉर साइट के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस शिविर ने स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा नागरिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
What's Your Reaction?