डीएम ने अपने सामने कराई धान की क्रॉप कटिंग, प्रति हेक्टेयर 40.54 कुंतल उपज का अनुमान

Oct 28, 2026 - 21:37
 0  9
डीएम ने अपने सामने कराई धान की क्रॉप कटिंग, प्रति हेक्टेयर 40.54 कुंतल उपज का अनुमान

अमेठी (संवाददाता)। जनपद में धान की फसल के उत्पादन एवं उत्पादकता का आकलन करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बुधवार को तहसील गौरीगंज अंतर्गत ग्राम बासुपुर में क्रॉप कटिंग कराई। 

इस दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम के साथ किसान विद्यावती देवी पत्नी रामकुमार के खेत पर पहुंचकर अपने सामने 43.03 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में धान की फसल की क्रॉप कटिंग कराई। इसके बाद धान की पिटाई कराकर उसका वजन कराया गया, जिसमें कुल 17.550 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर धान की उत्पादकता 40.54 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। 

क्रॉप कटिंग के आंकड़े कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से फसलों की वास्तविक पैदावार का अनुमान लगाने के साथ ही कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की जाती है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति का लाभ उपलब्ध कराने में भी क्रॉप कटिंग के आंकड़ों का विशेष महत्व है।

क्रॉप कटिंग के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से सीधे संवाद कर धान की खेती, उत्पादन एवं कृषि संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना धान नजदीकी सरकारी धान क्रय केंद्र पर ही बेचें, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने किसानों को सरकारी क्रय केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया। 

जिलाधिकारी ने किसानों से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने तथा पराली न जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है और मिट्टी की उर्वरता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में किसान फसल अवशेषों का समुचित प्रबंधन कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें। 

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, तहसीलदार गौरीगंज अजय जायसवाल, सहायक सांख्यिकी अधिकारी भूलेख दीपक कुमार, बीज गोदाम प्रभारी नरेंद्र कुमार, कृषि बीमा समन्वयक अरविंद कुशवाहा सहित कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा किसान उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow