रेलवे स्टेशन गौरीगंज पर चाइल्ड हेल्पलाइन ने चलाया जागरूकता अभियान

Jul 15, 2026 - 20:59
 0  4
रेलवे स्टेशन गौरीगंज पर चाइल्ड हेल्पलाइन ने चलाया जागरूकता अभियान

अमेठी, संवाददाता। जिला प्रोबेशन अधिकारी वीरेंद्र कुमार वर्मा के निर्देशन में बुधवार को चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा रेलवे स्टेशन गौरीगंज पर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि यदि कहीं कोई अकेला, बेसहारा, असहाय अथवा परेशान नाबालिग बच्चा दिखाई देता है तो उसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें, ताकि संबंधित बच्चे को समय पर आवश्यक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराया जा सके। 

इस अवसर पर रुचि सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं रोशन लाल ने विभिन्न आपातकालीन एवं जनसेवा से जुड़े टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1090 (महिला पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में जानकारी दी। साथ ही जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यात्रियों एवं आमजन के बीच पंपलेट वितरित किए गए। 

कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ रेलवे स्टेशन का स्टाफ भी उपस्थित रहा। सभी ने बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने में सहयोग प्रदान किया। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी जरूरतमंद, बेसहारा अथवा संकटग्रस्त बच्चे की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना देकर उसकी सहायता करें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow