डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक प्रशिक्षण वर्ग में हुए शामिल, कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष और राठ सीओ के बीच तीखी नोकझोंक से मचा हड़कंप

May 26, 2026 - 20:06
 0  8
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक प्रशिक्षण वर्ग में हुए शामिल, कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष और राठ सीओ के बीच तीखी नोकझोंक से मचा हड़कंप

राठ (हमीरपुर), संवाददाता। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मंगलवार को राठ कस्बे पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के सम्मान की बात करते हुए एनएच-34 मामले में दर्ज मुकदमों को गलत बताया। वहीं कार्यक्रम स्थल पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष और राठ क्षेत्राधिकारी के बीच हुई तीखी नोकझोंक चर्चा का विषय बनी रही। 

उप मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर स्वामी ब्रह्मानंद इंटर कॉलेज स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने स्वामी ब्रह्मानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और फिर नारायण गेस्ट हाउस में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में पहुंचे। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि एनएच-34 मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे गलत हैं और कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं की भाषा को अमर्यादित बताया और कहा कि इसका जवाब जनता आने वाले समय में देगी।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नारायण गेस्ट हाउस में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील पाठक उप मुख्यमंत्री से मिलने के लिए ऊपर जाने लगे। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात राठ क्षेत्राधिकारी ने उन्हें रोक दिया, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले का सुलझाया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow