जिलाधिकारी ने सुमेरपुर की गौशालाओं का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए कड़े निर्देश

Sep 10, 2026 - 21:57
 0  6
जिलाधिकारी ने सुमेरपुर की गौशालाओं का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए कड़े निर्देश

हमीरपुर, संवाददाता। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ विकासखंड सुमेरपुर अंतर्गत संचालित गौ आश्रय स्थल स्वासा बुजुर्ग एवं छानी बुजुर्ग का औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशालाओं में जलभराव की स्थिति, गौवंशों के लिए चारा-भूसा, चरही, पेयजल, बाउंड्री वॉल, वृक्षारोपण, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का स्थलीय जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

छानी बुजुर्ग गौशाला में लगभग 116 गौवंश पाए जाने पर जिलाधिकारी ने इसकी क्षमता बढ़ाते हुए गौवंशों की संख्या 200 से अधिक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला में पर्याप्त स्थान एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए अन्य स्थानों से भी गौवंशों को यहां शिफ्ट किया जाए। साथ ही प्रत्येक गौवंश की शत-प्रतिशत ईयर टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि गौवंशों की पहचान एवं अभिलेखों का समुचित रखरखाव हो सके।

जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद की सभी गौशालाओं की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए। जिन गौशालाओं में पर्याप्त एवं बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं, वहां क्षमता के अनुरूप अधिक से अधिक गौवंशों को रखा जाए। जिलाधिकारी ने गौशालाओं में रखे गए अभिलेखों एवं रजिस्टरों का भी अवलोकन किया। 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में विधि-विधान से गौ-पूजन कर गौवंशों को माल्यार्पण किया तथा उन्हें गुड़ एवं केला खिलाया। निरीक्षण के दौरान सीवीओ डॉ भूपेंद्र सिंह, बीडीओ सुमेरपुर श्वेता त्रिपाठी, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow