जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण, लाइसेंस पत्रावलियों में मिलीं खामियां

Oct 24, 2026 - 21:24
 0  7
जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण, लाइसेंस पत्रावलियों में मिलीं खामियां

अमेठी (संवाददाता)। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न पटलों पर संचालित कार्यों, लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया, कर वसूली तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। 

निरीक्षण के दौरान लाइसेंस संबंधी पत्रावलियों में विभिन्न खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में घूम रहे व्यक्तियों से उनके कार्यालय आने का प्रयोजन पूछा।

इसके बाद उन्होंने विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर वहां संपादित किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। लाइसेंस बनवाने आए अभ्यर्थियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने लाइसेंस से संबंधित विभिन्न पत्रावलियों का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया कि लाइसेंस जारी करने से पूर्व जिन अभ्यर्थियों की टेस्टिंग की जाती है, उनकी पत्रावली में संबंधित फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएं तथा टेस्टिंग की रिपोर्ट भी दर्ज की जाए। इस प्रक्रिया में लापरवाही मिलने पर उन्होंने वरिष्ठ सहायक संजय सिंह के प्रति नाराजगी व्यक्त की।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सितंबर माह में जारी किए गए 10 लाइसेंसों की पत्रावलियों की जांच की, जिसमें विभिन्न खामियां पाई गईं। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारी को चेतावनी देते हुए भविष्य में निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई माह से टेस्टिंग और लाइसेंस जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी आशुतोष सिंह से वार्ता की। 

प्रकरण लंबित पाए जाने पर उन्होंने वरिष्ठ सहायक संजय सिंह को कड़ी फटकार लगाई और संबंधित अभ्यर्थी की टेस्टिंग कर उसी दिन लाइसेंस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी महेंद्र बाबू गुप्ता को वरिष्ठ सहायक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कर वसूली की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित लिपिक ने बताया कि कर वसूली के लिए 312 आरसी जारी की गई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को संबंधित प्रकरणों में शीघ्र वसूली सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। 

उन्होंने नए पंजीकरण वाले वाहनों की पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी) संबंधी लंबितता तथा वाहनों की फिटनेस से जुड़े लंबित मामलों की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एआरटीओ कार्यालय एवं परिसर में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। लाइसेंस, आरसी, फिटनेस, चालान सहित अन्य परिवहन संबंधी कार्यों के लिए आने वाले संबंधित व्यक्तियों को ही कार्यालय में प्रवेश की अनुमति दी जाए। अनाधिकृत रूप से कार्यालय परिसर में मौजूद व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। 

उन्होंने कहा कि किसी भी पत्रावली को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कार्यालय एवं परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow