जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
हमीरपुर, संवाददामा। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ मोहर्रम पर्व के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
डीएम एवं एसपी ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, अनुशासन एवं सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों एवं नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें।
उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी तथा सभी विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें, जिससे मोहर्रम पर्व पूर्ण सुरक्षा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सरीला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?