नवागत मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने विकास भवन पहुंचकर संभाला कार्यभार
सहारनपुर, संवाददाता। डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने सहारनपुर जनपद के नए मुख्य विकास अधिकारी के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का अवलोकन किया और अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ एक परिचयात्मक संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यशैली में गतिशीलता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया।
डॉ. सुनील कुमार वर्मा 2022 बैच के आईएएस अधिकारी है। इससे पूर्व यह अपर आयुक्त राज्य कर उत्तर प्रदेश लखनऊ में तैनात थे। नवागत मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने मनरेगा, ग्रामीण आवास, पेयजल, और स्वच्छता जैसी प्रमुख विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
डॉ. वर्मा ने कहा कि विकास भवन में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। जनसुनवाई और जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समयसीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण कर आम जनता को राहत पहुंचाना प्राथमिकता रहेगी।
जिले में चल रही विभिन्न निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षाओं का अवलोकन करते हुए नवागत सीडीओ ने सभी विभागाध्यक्षों को आपसी समन्वय से काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि एक मजबूत टीमवर्क के माध्यम से ही विकास कार्यों को गति दी जा सकती है, जिससे जिले को विकास के मापदंडों पर अग्रणी बनाया जा सके।
डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने कहा, सहारनपुर जनपद में अपार संभावनाएं हैं। विकास कार्यों को धरातल पर उतारने और व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सभी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सकारात्मक सुझावों और जनसहयोग के साथ जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
What's Your Reaction?