मुख्य सचिव ने की स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों की समीक्षा
लखनऊ, संवाददाता। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन गरिमामय, भव्य तथा राष्ट्रभक्ति की भावना से परिपूर्ण वातावरण में किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आजादी के अमृत महोत्सव तथा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, जिससे नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त, 2026 को विधान भवन के समक्ष मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा प्रदेशवासियों को संबोधित किया जाएगा। समारोह का व्यापक प्रचार-प्रसार दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए तथा दूरदर्शन, लखनऊ द्वारा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया जाए। प्रातः 09ः00 बजे के पश्चात मुख्यमंत्री के अभिभाषण का सूचना विभाग द्वारा वीडियो लिंक के माध्यम से प्रसारित किया जाए और एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित भी किया जाए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर प्रदेश की विगत नौ वर्षों की विकास उपलब्धियों, स्वतंत्रता संग्राम तथा वीरता गाथाओं पर आधारित फोटोग्राफी प्रदर्शनी सूचना विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से आयोजित की जाए। साथ ही सूचना विभाग द्वारा ष्विकसित प्रदेश, विकसित नगर एवं विकसित गांव की ओर अग्रसर उत्तर प्रदेशष् विषय पर प्रदर्शनी लगाई जाए। इसके अतिरिक्त ‘आजादी का अमृत महोत्सव’, ‘भारत का ग्रोथ इंजन उत्तर प्रदेश’, ‘माटी को नमन, वीरों का वंदन’ जैसी थीम पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जाएं।
उन्होंने विधान भवन परिसर के आंतरिक एवं बाह्य क्षेत्रों में सड़कों, फुटपाथों की मरम्मत, रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक सौंदर्यीकरण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। लोक भवन एवं विधान भवन की डायनामिक फसाड लाइट को छोड़कर अन्य सरकारी भवनों को भव्य विद्युत सज्जा से प्रकाशमान किए जाने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने विधान भवन के समक्ष स्थापित स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह एवं स्वर्गीय गोविंद बल्लभ पंत सहित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं, लॉन एवं उद्यानों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही आमंत्रण पत्रों का समय से वितरण तथा आमंत्रित अतिथियों के लिए सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण को आयोजन स्थल पर आवश्यकतानुसार आकर्षक गमलों की व्यवस्था करने तथा मुख्यमंत्री आवास से विधान सभा तक पुष्प सज्जा एवं स्वतंत्रता दिवस तथा राष्ट्रप्रेम की भावना पर आधारित पुष्प आकृतियां विकसित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार की सजावट शहर के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी, लखनऊ को नागरिक उड्डयन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समारोह के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि समारोह के दौरान स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बना रहे।
बैठक में बताया गया कि शहर के प्रमुख स्थलों जैसे 1090, 112 चौराहा और बडे पार्कों आदि में सायंकाल में होमगार्ड, एसएसबी, पीएससी व पुलिस आदि के बैंड द्वारा देश भक्ति के गीत बजाए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन मनीष चौहान, मण्डलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत, पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा, जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी0 सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
What's Your Reaction?