बारिश में गेहूं भीगने पर आक्रोशित किसानों ने खरीद केंद्र सचिव से की नोकझोंक
सुमेरपुर (हमीरपुर), संवाददाता। टेढ़ा गल्ला मंडी में खुले आसमान के नीचे रखे गेहूं के बारिश में भीग जाने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने खरीद केंद्र प्रभारी पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए अभद्रता की। केंद्र प्रभारी ने किसानों पर मारपीट का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किसानों का कहना है कि लगभग एक माह से उनका गेहूं टेढ़ा गल्ला मंडी में खुले आसमान के नीचे पड़ा है, लेकिन खरीद केंद्र प्रभारी द्वारा क्रमवार तौल नहीं कराई जा रही। आरोप है कि प्रभारी केवल अपने चहेते किसानों का ही गेहूं तौलवा रहा है, जिससे अन्य किसान परेशान हैं।
गुरूवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश में मंडी में रखा किसानों का गेहूं भीग गया। गेहूं भीगता देख किसानों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने खरीद केंद्र सचिव अनिल गुप्ता से विरोध जताया। आरोप है कि इसी दौरान नोकझोंक बढ़ने पर किसानों ने सचिव के साथ अभद्रता कर दी।
सचिव ने कुछ किसानों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। वहीं किसानों का कहना है कि सचिव द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। उनका आरोप है कि सचिव तौल में भेदभाव कर रहे हैं, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
What's Your Reaction?