12 वर्षों में भारत ने सुशासन, विकास और आत्मनिर्भरता की नई गाथा लिखी - केशव प्रसाद मौर्य

Jun 19, 2026 - 22:19
 0  11
12 वर्षों में भारत ने सुशासन, विकास और आत्मनिर्भरता की नई गाथा लिखी - केशव प्रसाद मौर्य

झांसी, संवाददाता। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बरुआसागर, झांसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने खेल, शिक्षा एवं संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के सुशासन, विकास और अभूतपूर्व उपलब्धियों के स्वर्णिम कालखंड के रूप में अंकित हुए हैं। वर्ष 2014 में देश की जनता ने जिस विश्वास के साथ केंद्र में सरकार बनाई, उसी विश्वास के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 में सुशासन और विकास का नया अध्याय प्रारंभ हुआ। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी झांसी की जनता ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर अपना विश्वास व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। देश में 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। गरीबों को पक्के आवास, शौचालय, बिजली, गैस कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाएं देकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने का कार्य किया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि देश का कोई भी गरीब परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। इसी दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5करोड़ परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का लक्ष्य किसानों, नौजवानों और महिलाओं को सशक्त बनाकर उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और भारत विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सुरक्षा के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर और सशक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के  जीवन पर प्रकाश डालते हुये कहा जम्मूकश्मीर से धारा-370 और 35ए को समाप्त किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सरकार गरीबों और वंचितों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पूरा होगा। 

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के सभापति (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) जमुना प्रसाद कुशवाहा, महापौर बिहारी लाल आर्य, विधायक राजीव सिंह ‘पारीछा’, विधायक जवाहर लाल राजपूत, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण गणमान्य नागरिक  मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow