सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूचना विभाग की प्रदर्शनी का शुभारंभ

Sep 17, 2026 - 21:58
 0  4
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूचना विभाग की प्रदर्शनी का शुभारंभ

अमेठी, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान - जन सेवा से देश सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज के प्रांगण में सूचना विभाग द्वारा शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 

प्रदर्शनी का अवलोकन आज जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने किया। 

प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों को आकर्षक फ्लेक्स एवं सूचना सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है। 

प्रदर्शनी में रोजगार सृजन, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास, स्वरोजगार, एमएसएमई, पर्यटन तथा सांस्कृतिक विरासत से संबंधित महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही एयरपोर्ट विस्तार, पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का विकास, युवाओं को रोजगार एवं सरकारी नौकरियों के अवसर, कानून-व्यवस्था में सुधार तथा अपराध नियंत्रण जैसे विषयों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है। 

प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को हस्तांतरित की गई धनराशि से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों को विशेष रूप से दर्शाया गया है। खेतों में ड्रोन तकनीक के उपयोग पर अनुदान, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत सोलर पंपों की स्थापना, कृषि यंत्रों पर अनुदान, मंडियों के आधुनिकीकरण तथा ई-नाम जैसी डिजिटल सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है। 

साथ ही प्रदेश द्वारा गन्ना, चीनी, एथेनॉल, आम, दूध, आलू, मटर, गेहूं, शहद एवं अन्य कृषि उत्पादों के उत्पादन में प्राप्त उपलब्धियों को भी दर्शाया गया है। महिला सशक्तिकरण से संबंधित फ्लेक्स में वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, महिला श्रम बल भागीदारी में वृद्धि तथा महिलाओं एवं बेटियों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई है। 

इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों, स्वास्थ्य सखियों, ओडीओपी के माध्यम से विपणन सहायता तथा कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी पहलों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में अयोध्या, काशी और प्रयागराज सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों तथा सांस्कृतिक आयोजनों को भी स्थान दिया गया है। वहीं महापुरुषों के सम्मान एवं जनकल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। 

स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत शौचालय निर्माण, निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, डीबीटी के माध्यम से अनुदान भुगतान तथा कौशल, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी उपलब्धियों को भी फ्लेक्स के माध्यम से दर्शाया गया है। जिला सूचना अधिकारी शिव दर्शन यादव ने बताया कि यह प्रदर्शनी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में संचालित रहेगी। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करने तथा पात्रता के अनुसार इनका लाभ उठाने की अपील की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow