सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
अमेठी, संवाददाता। शासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याण एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया गया।
अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं ग्रामीण विकास से संबंधित गतिविधियों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों एवं आमजन की सहभागिता रही। बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने विकसित, स्वच्छ, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर भारत की अपनी कल्पनाओं को चित्रों एवं विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक सोच के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जनपद के लगभग 145 गांवों में ग्राम चौपालों का आयोजन किया गया। चौपालों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं सामुदायिक परिसरों में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित गतिविधियां संचालित की गईं। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।
शिविरों में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी जागरूक किया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनसामान्य को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
What's Your Reaction?