17 सितंबर को जिले में सेवा, संकल्प और विकास का जलेगा दीप - मुख्य विकास अधिकारी

Sep 16, 2026 - 19:07
 0  1
17 सितंबर को जिले में सेवा, संकल्प और विकास का जलेगा दीप - मुख्य विकास अधिकारी

अलीगढ़, संवाददाता। विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर, गुरुवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर जिले में “सेवा दिवस” के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा, समर्पण और विकास की भावना से जुड़ा यह दिवस जनसहभागिता के साथ मनाया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी योेगेन्द्र कुमार ने बताया कि सेवा दिवस के अवसर पर अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा के लिए लोगों को रक्तदान के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। साथ ही विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पात्र लाभार्थियों को सायं 4 बजे विकास भवन में टूल किट का वितरण किया जाएगा, जिससे परंपरागत एवं तकनीकी कौशल से जुड़े कामगारों को अपने कार्य को आगे बढ़ाने में सहयोग मिल मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “आशीर्वाद का दिया” होगा। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के परिवार सायं 7 बजे अपने घर अथवा प्रतिष्ठान पर दीप प्रज्वलित कर विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। यह दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि विकास, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य के सामूहिक विश्वास का संदेश देगा।

इसी क्रम में वर्ष 2014 के बाद केन्द्र सरकार और वर्ष 2017 के बाद केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा कराए गए प्रमुख विकास कार्यों एवं अवस्थापना परियोजनाओं में चयनित स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इनमें एक्सप्रेस-वे, हवाई अड्डे, शिक्षण एवं चिकित्सा संस्थान, कार्यालय, तीर्थस्थल, आवास, प्रमुख परियोजनाओं के साथ ही शहरी निकायों एवं पंचायतों द्वारा निर्मित पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन, पार्क, कॉम्प्लेक्स, सरोवर सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल होंगे। मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक भी इस अभियान में सहभागी बनकर दीप प्रज्वलन के फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। इसके लिए ’’आशीर्वाद-का-दीया’’ हैशटैग का प्रयोग किया जाएगा।

17 सितंबर का यह आयोजन सेवा और विकास को एक सूत्र में पिरोते हुए जनभागीदारी से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का अवसर बनेगा। एक ओर सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों तक संवेदना पहुंचेगी, वहीं दूसरी ओर विकास परियोजनाओं पर प्रज्वलित दीप प्रदेश की प्रगति और आगामी भारत के उज्ज्वल भविष्य के प्रति विश्वास का प्रतीक बनेंगे।

बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षण संस्थानों मंे तीनों स्तरों पर विद्यालयों में ’’मेरे सपनों का भारत’’ के अन्तर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिन्हें पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। अभियान के अन्तर्गत ’’आंगन मिलन’’, ’’सेवा की कहानियां’’, ’’ज्योति कलश यात्रा’’, ’’सेवा मेरा योगदान’’, ’’सेवा सेतु अभियान’’, ’’सेवा के रंग राष्ट्र के संग’’, ’’सुशासन सेवा संवाद’’ थीम पर विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow