जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
हमीरपुर, संवाददाता। जनपद की तहसील सरीला में शनिवार को जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायत प्राप्त होते ही उस पर तत्काल अपनी आख्या अंकित करें, जिसमें यह स्पष्ट उल्लेख हो कि संबंधित शिकायत का निस्तारण कब तक किया जाएगा। आख्या पर शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से कराए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि आवास एवं अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित शिकायतों में तत्काल यह उल्लेख किया जाए कि संबंधित व्यक्ति पात्र है अथवा अपात्र। “जांच की जाएगी” जैसे टालमटोल वाले वक्तव्यों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार की प्रवृत्ति कतई स्वीकार्य नहीं होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित प्रकरणों में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए मौके पर जाकर निस्तारण को प्राथमिकता दी जाए। भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पारिवारिक विवाद एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों को विशेष गंभीरता से लेते हुए उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए मामलों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड तथा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही संयुक्त सेल्फी लेकर जनगणना 2027 के सम्बन्ध में आम जनमानस को जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान ही प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक नवीन कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी सरीला बलराम गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर/बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पैगाम हैदर, क्षेत्राधिकारी शाहरुख खान, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?