पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला मुख्यालय पर शुरू हुई व्यवस्था
अमेठी (संवाददाता)। जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पराली प्रबंधन से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर जिला मुख्यालय पर विशेष पराली प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कार्यालय उप कृषि निदेशक, कृषि भवन, ताला में स्थापित यह कंट्रोल रूम 24 घंटे सातों दिन (24×7) सक्रिय रहेगा। इसके सुचारू संचालन एवं प्रभावी निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटियां भी निर्धारित कर दी गई हैं।
इस संबंध में उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि पराली प्रबंधन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत अथवा समस्या के लिए जनपद के किसान, आम नागरिक एवं संबंधित अधिकारी कंट्रोल रूम के निर्धारित मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 7839882410 एवं 9415969047 नंबर जारी किए गए हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने जनपद के समस्त कृषकों से अपील की है कि धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली को कदापि न जलाएं। इसके स्थान पर पराली को खेत में ही सड़ाकर जैविक एवं प्राकृतिक खाद के रूप में उपयोग करें। इससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने में मदद मिलेगी तथा वायु प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पराली का उचित प्रबंधन बेहद आवश्यक है। सभी किसान पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पराली न जलाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
What's Your Reaction?