नीट यूजी-2026 परीक्षा जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सकुशल सम्पन्न

Jun 21, 2026 - 21:59
 0  3
नीट यूजी-2026 परीक्षा जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सकुशल सम्पन्न

आजमगढ़, संवाददाता। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट यूजी -2026 जनपद आजमगढ़ के 19 परीक्षा केंद्रों पर शासन के निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, नकलविहीन, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न हुई। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।

परीक्षा के सफल संचालन के क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय एवं शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग की तथा परीक्षा कक्षों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित कराया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान बिना वैध परिचय पत्र के कोई भी शिक्षक, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति परीक्षा केंद्र परिसर में उपस्थित न रहे।

जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर कुल 9,885 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा एक पाली में अपराह्न 2 बजे से सायं 5ः15 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय प्रवेश पत्र का सत्यापन, बायोमेट्रिक जांच एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप ऑब्जर्वरों की निगरानी में सम्पन्न कराई गईं।

परीक्षा की गोपनीयता एवं सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्री का बैंक से परीक्षा केंद्रों तक वितरण तथा परीक्षा उपरांत सुरक्षित जमा कराने की पूरी प्रक्रिया केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न कराई गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक, पुलिस बल तथा अन्य आवश्यक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों का संचालन कराया गया। साथ ही शासन द्वारा नीट-यूजी परीक्षा के अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र प्रदर्शित करने पर बस यात्रा में 50 प्रतिशत किराया छूट की सुविधा भी प्रदान की गई, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को लाभ मिला।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सतत निगरानी रखी गई तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए थे। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से नीट यूजी-2026 परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow