12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज के परिसर में आयोजित हुआ योगाभ्यास कार्यक्रम
अमेठी, संवाददाता। ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम पर आधारित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज के प्रांगण में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यमंत्री संसदीय कार्य चिकित्सा शिक्षा चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग मयंकेश्वर शरण सिंह, नोडल अधिकारी नितीश कुमार प्रबंध निदेशक उ0प्र0 पावर कार्पाेरेशन लिमिटेड, विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, विशेष कार्याधिकारी राममिलन सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, जिलाध्यक्ष भाजपा सुधांशु शुक्ला सहित अन्य जनपदीय अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं व जन सामान्य ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार वर्मा, प्रेम सुधा सिंह एवं गौरव मौर्या द्वारा सभी को योगाभ्यास कराया गया तथा योग के विभिन्न आसन सिखाए गए एवं योग करने से होने वाले लाभों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन व योगाभ्यास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसके उपरांत यहां पर सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया है। इस अवसर पर राज्य मंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आवाह्न किया तथा योग से होने वाले लाभों के बारे में बताया।
नोडल अधिकारी नितीश कुमार ने भी सभी लोगों से नियमित योग करने की अपील किया तथा कहा कि नियमित योग करने से हम स्वस्थ रहने के साथ ही विभिन्न बीमारियों से भी बच सकते हैं इसलिए आवश्यक है कि आप सभी लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने संबोधित करते हुए सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार से हमारी केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने योग और भारतीय परंपरा को जीवन पद्धति के तौर पर अपनाने की जो पहल की है उससे आने वाले समय में और इस आधुनिकता वाले युग में ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिलेगा।
योगाभ्यास के उपरांत राज्य मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने पुलिस लाइन के परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ से पौधारोपण कर जनपद वासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आज 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के साथ ही जनपद की समस्त तहसीलों, विकासखंडों, थानों, हेल्थ वेलनेस सेंटर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, विद्यालयों, वृद्धाश्रम, स्टेडियम आदि स्थानों पर भी योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित कर जन सामान्य को योगाभ्यास कराया गया तथा योग के महत्व के बारे में बताया गया एवं नियमित योग करने की अपील भी की गई।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे जिले में योग की धूम रही सभी लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का प्रण लिया। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, आयुष विभाग के नोडल डॉक्टर अनुपम श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं व जन सामान्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?