फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
आजमगढ़, संवाददाता। प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देशन में तथा अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व/ जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह के मार्गदर्शन में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रातः 9ः30 बजे से सायंकाल 6 बजे तक सर्वाेदय पब्लिक स्कूल जाफरपुर में चल रहा है। जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना 22 मई से 20 जून तक की जाएगी।
जनपद में जनगणना को सुगम और त्रुटिहीन बनाने के लिए जनगणना निदेशालय से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह, अरविंद यादव एवं समीउल्लाह अंसारी तथा जनगणना निदेशालय से जिला प्रभारी आकाश राय द्वारा संयुक्त रूप से दो बैचों में 154 फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण चल रहा है। यह फील्ड ट्रेनर्स 12000 प्रगणको एवं सुपरवाइजर को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षित करेंगे।
जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि द्वितीय बैच के प्रशिक्षण के प्रथम दिन फील्ड ट्रेनर्स को पीपीटी के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि पहली बार जनगणना डिजिटल ऐप से की जाएगी। प्रगणको एवं सुपरवाइजर को अनिवार्य रूप से प्रत्येक आवंटित क्षेत्र हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में भौतिक रूप से जाकर नजरी नक्शा बनाना होगा। एचएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल जनगणना करने के बारे में बताया गया तथा जनगणना के परिपेक्ष में भवन, परिसर, मकान एवं परिवार की गणना के संबंध में गूढ़ जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि प्रगणक को मकान की गणना करनी है तथा मकान में उपलब्ध सुविधाओं एवं परिवार से संबंधित 33 प्रश्नों के उत्तर भी भरने हैं। डिजिटल ऐप के माध्यम से रियल टाइम डाटा सर्वर पर उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पहली बार नागरिकों को स्वगणना का अवसर भी प्रदान किया गया है, जिसके अंतर्गत नागरिक दिनांक 07 मई से 21 मई तक पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
What's Your Reaction?