आजमगढ़ में सेवा संकल्प अभियान का रक्तदान शिविर, फल वितरण एवं श्रमदान से हुआ आगाज
आजमगढ़, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ गुरूवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ के रूप में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के साथ किया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार एवं जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने मंडलीय सदर अस्पताल में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर एवं मरीजों को फल वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत मंडलीय चिकित्सालय सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। रक्तदाताओं ने रक्तदान कर प्रधानमंत्री जी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं जिलाध्यक्ष द्वारा रक्तदाताओं का अभिनंदन करते हुए रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि रक्तदान इंसानियत और सामाजिक सरोकार से जुड़ा पुनीत कार्य है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में परस्पर सहयोग, संवेदनशीलता और मानवता की भावना मजबूत होती है।
जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जीवन सेवा, समर्पण और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत मंडलीय चिकित्सालय, महिला जिला चिकित्सालय सहित जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर मरीजों को फल वितरित किए गए। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मरीजों ने भी इस सेवा पहल की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं एवं दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा, प्रमुख अधीक्षक डॉ. एस.सी. कनौजिया, अधीक्षक डॉ. राम केवल, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’ सहित संबंधित अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?