जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए 112 मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण सम्पन्न

Oct 14, 2026 - 20:33
 0  2
जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए 112 मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण सम्पन्न

आजमगढ़ (संवाददाता)। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी 23 अक्टूबर, 2026 को होने वाले गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो आब्जर्वर, पीठासीन अधिकारी एवं प्रथम मतदान अधिकारी सहित कुल 112 मतदान कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।

गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 के अन्तर्गत जनपद आजमगढ़ में निर्धारित 23 मतदेय स्थलों पर 23 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 8ः00 बजे से अपराह्न 4ः00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए 22 अक्टूबर, 2026 को निर्धारित पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल से सभी पोलिंग पार्टियों को उनके आवंटित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि मतदान प्रारम्भ होने से पूर्व खाली मतपेटी सभी उपस्थित मतदान अभिकर्ताओं को अनिवार्य रूप से दिखाई जाए तथा उनकी उपस्थिति में नियमानुसार मतपेटी को सील किया जाए। इसी प्रकार मतदान समाप्त होने के पश्चात भी मतपेटी को सील करने की प्रक्रिया मतदान अभिकर्ताओं की उपस्थिति में ही सम्पन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्ति के बाद नियमानुसार मतपत्र लेखा तैयार किया जाए तथा उसकी एक-एक प्रति उपस्थित मतदान अभिकर्ताओं को उपलब्ध कराई जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी मतदान कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और मतदान सुचारु रूप से सम्पन्न हो सके।

मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं माइक्रो आब्जर्वर को निर्देशित किया कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं गाइडलाइन का भली-भांति अध्ययन कर लें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों एवं उत्तरदायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। साथ ही मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य करें।

स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर इंजी. कुलभूषण सिंह ने पीपीटी के माध्यम से मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, मतदान कार्मिकों के कार्यों एवं दायित्वों तथा निर्वाचन से संबंधित आवश्यक प्रपत्रों को भरने की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रारम्भ करने एवं समाप्त करने की प्रक्रिया, टेन्डर वोट, चौलेन्ज वोट, मतपत्र लेखा तैयार करने तथा निर्वाचन से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया।

इसके अतिरिक्त जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं माइक्रो आब्जर्वर के कार्यों और उत्तरदायित्वों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य सभी संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराना तथा उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरी सतर्कता एवं दक्षता के साथ करने के लिए तैयार करना रहा।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मास्टर ट्रेनर धर्मेन्द्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।  

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow