मतदाता सूची में छूटे हुए एवं नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित
अमेठी (संवाददाता)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में शनिवार को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर छूटे हुए मतदाताओं तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीकरण के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने का अवसर प्रदान किया गया, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवीपाटन, अमेठी में आयोजित विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजर से प्राप्त आवेदनों, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीकरण अभियान को गंभीरता से लेते हुए सभी पात्र मतदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए और प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने की पात्रता रखने वाले युवाओं, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए नागरिकों तथा महिला मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव अथवा जागरूकता की कमी के कारण मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष शिविरों के आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। बुलावा टोलियों के माध्यम से घर-घर संपर्क कर पात्र युवाओं, महिलाओं तथा छूटे हुए मतदाताओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाए और उन्हें आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। बीएलओ एवं सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पंजीकरण कार्य की नियमित निगरानी करें तथा प्राप्त आवेदनों की प्रगति पर विशेष ध्यान दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पंजीकरण अभियान को प्रभावी बनाएं, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक लोकतंत्र की प्रक्रिया से जुड़ सकें।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अमेठी पंकज कुमार, तहसीलदार अमेठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?