पीएम मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर का शुभारंभ

Sep 17, 2026 - 22:09
 0  5
पीएम मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर का शुभारंभ

अमेठी, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार मयंकेश्वर शरण सिंह ने फीता काटकर किया। 

इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर रूप से बीमार अथवा दुर्घटना के शिकार व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण जीवन सेवा, समर्पण और जनकल्याण के मूल्यों पर आधारित रहा है। उनके जन्मदिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर न केवल मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि समाज में परोपकार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करता है। 

उन्होंने कहा कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि यह समाज में सहयोग, संवेदना और मानवता के मूल्यों को भी बढ़ावा देता है। ऐसे आयोजन युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनसामान्य ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। 

इस दौरान राज्य मंत्री ने रक्तदान करने वाले चार रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदाता समाज के वास्तविक नायक हैं, जिनके योगदान से अनेक लोगों का जीवन सुरक्षित होता है। कार्यक्रम के उपरांत राज्य मंत्री ने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें फल वितरित किए। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की और चिकित्सकों को मरीजों के बेहतर उपचार एवं देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.पी. अग्रवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाने के संकल्प को दोहराया तथा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow