केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अमेठी में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का शुभारंभ
अमेठी, संवाददाता। केंद्र सरकार के सफल एवं जनसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद अमेठी में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के अंतर्गत तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया गया।
यह आयोजन 14 जून से 16 जून 2026 तक जनपद के सभी विकास खंडों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिल सके।
जनकल्याण शिविरों में कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पंचायती राज, शिक्षा, पशुपालन, उद्योग, श्रम, बैंकिंग तथा अन्य विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए। इन स्टॉलों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा पात्र व्यक्तियों के आवेदन एवं समस्याओं का निस्तारण भी किया। शिविरों में उपस्थित लाभार्थियों एवं नागरिकों से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
साथ ही सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ-साथ निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य मेले के दौरान आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, नियमित टीकाकरण, पोषण जागरूकता, संचारी रोग नियंत्रण तथा स्वच्छता संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के प्रति जागरूक किया। जनकल्याण शिविरों एवं स्वास्थ्य मेलों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, लाभार्थी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, किसान, युवा एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। ज्ञातव्य है कि 14 से 16 जून तक आयोजित होने वाले इन शिविरों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। जनपद के सभी विकास खंडों एवं सीएचसी पर कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
What's Your Reaction?