विश्व रक्तदाता दिवस पर एमडब्ल्यूओ अमेठी ने आयोजित किया स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
जगदीशपुर (अमेठी) संवाददाता। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था महापद्मनंद वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन (एमडब्ल्यूओ), अमेठी द्वारा जगदीशपुर स्थित राधेश्याम सत्यप्रकाश ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 14 यूनिट रक्तदान किया।
आयोजित रक्तदान शिविर का उद्देश्य रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं एवं आमजन को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था। रक्तदान के इस मानवीय अभियान को संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर महापद्मनंद वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के जिला अध्यक्ष श्रीकांत शर्मा ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है तथा प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल रक्त की कमी को दूर करने में सहायक होते हैं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग, मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करते हैं। रक्तदान महादान है और यह मानवता की सच्ची सेवा का सर्वाेत्तम माध्यम है।
शिविर में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस पुनीत कार्य की सराहना की।
रक्तदान करने वालों में प्रमुख रूप से श्रीकांत शर्मा, सतीश शर्मा, विकास शर्मा, तथा श्रीकांत शर्मा सहित कुल 14 रक्तदाता शामिल रहे।
विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह स्वैच्छिक रक्तदान शिविर समाज में मानव सेवा, परोपकार और जन-जागरूकता का प्रेरणादायी संदेश देने वाला सफल आयोजन सिद्ध हुआ। इस मौके पर प्रांतीय महासचिव शिवदयाल शर्मा, जिला सचिव दिनेश कुमार, संग्रामसिंह सविता, अरविन्द शर्मा,अहिबरन शर्मा, राहुल शर्मा, मिथिलेश शर्मा, मनीष शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?