मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं निर्माण कार्यों (सीएम डैशबोर्ड) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
अमेठी, संवाददाता। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, विभिन्न विभागों की योजनाओं तथा निर्माण कार्यों (सीएम डैशबोर्ड) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विकास कार्यों की प्रगति, विभागवार उपलब्धियों, शिकायतों के निस्तारण तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति में निरंतर सुधार लाया जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनता दर्शन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों का नियमित सत्यापन कराया जाए, जिससे योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना सुनिश्चित हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें।
बैठक के दौरान विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनका हैंडओवर संबंधित विभागों को शीघ्र कराया जाए ताकि उनका लाभ आमजन को समय से मिल सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभान सिंह, डीईएसटीओ पन्नालाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?