युवा अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली से कराया गया अवगत

Aug 4, 2026 - 20:16
 0  6
युवा अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली से कराया गया अवगत

हमीरपुर, संवाददाता। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा युवा अधिवक्ताओं के लिए स्थायी लोक अदालत विषयक एक दिवसीय संवेदनशीलता एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष प्रमोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि स्थायी लोक अदालत का उद्देश्य जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का त्वरित, सरल, सुलभ एवं कम व्यय में निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने इसकी अधिकारिता, कार्यप्रणाली एवं वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवा अधिवक्ताओं से अधिकाधिक पात्र वादों को स्थायी लोक अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

बार संघ, हमीरपुर के महामंत्री अश्विनी प्रजापति ने कहा कि अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी से स्थायी लोक अदालत की प्रभावशीलता और अधिक बढ़ेगी तथा आमजन को शीघ्र एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य को नई गति मिलेगी। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं से इसकी कार्यप्रणाली का व्यापक लाभ उठाने एवं पात्र मामलों को स्थायी लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने का आग्रह किया।

अभिमुखीकरण कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत की अधिकारिता, जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित वादों की प्रकृति, वाद निस्तारण की प्रक्रिया तथा विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के प्रासंगिक प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow